ad

Showing posts with label Switzerland names Indians. Show all posts
Showing posts with label Switzerland names Indians. Show all posts

Tuesday, May 26, 2015

काले धन की जांच : स्विट्जरलैंड ने यश बिड़ला सहित पांच और भारतीयों के नाम उजागर किए

बर्न (स्विट्जरलैंड): स्विट्जरलैंड सरकार ने अपने यहां बैंक खाते रखने वाले पांच और भारतीय नागरिकों के नाम प्रकाशित किए हैं, जिनके खिलाफ भारत में टैक्स संबंधी जांच चल रही है।

यहां के संघीय राजपत्र में छपे इन नामों में उद्योगपति यश बिड़ला, जमीन जायदाद कारोबारी पॉन्टी चड्ढ़ा के दामाद गुरजीत सिंह कोचर और दिल्ली की महिला उद्योगपति ऋतिका शर्मा तथा मुंबई के सिटी लिमोजिन घोटाले में शामिल दो व्यक्तियों के नाम भी हैं। चड्ढा की कुछ साल पहले हत्या कर दी गई थी।

स्विट्जरलैंड की सरकार ने इन भारतीयों के बारे में भारतीय अधिकारियों द्वारा मांगी गई सूचनाओं के बाद उनके नाम प्रकाशित किए हैं।

स्विट्जरलैंड के कर विभाग, स्विस फेडरल टैक्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफटीए) ने इनमें से बिड़ला और ब्लेसिंग एपैरल कंपनी की ऋतिका शर्मा के बारे में कुछ सूचनाएं भारत सरकार के साथ पहले ही साझा कर चुका है। इन पांच के अलावा दो अन्य भारतीयों- स्नेहलता साहनी और संगीता साहनी के नाम भी सार्वजनिक किए गए हैं। इन दोनों के खिलाफ भी भारत में जांच चल रही है।

सिटी लिमोजीन के जरिये मुंबई में पोंजी योजना चलाने को लेकर जांच का सामना कर रहे सईद मोहम्मद मसूद के बारे में कुछ ब्योरा स्विस प्राधिकरण ने पूर्व में साझा किया था। प्रवर्तन निदेशालय के अनुरोध पर कुछ साल पहले उनका खाता जब्त कर लिया गया था। प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार भारत सरकार ने मसूद और सी कौसर मोहम्मद मसूद के बारे में नई जानकारी मांगी है।