ad

Showing posts with label Sunanda Pushkar Murder. Show all posts
Showing posts with label Sunanda Pushkar Murder. Show all posts

Friday, May 29, 2015

सुनंदा पुष्कर की विसरा रिपोर्ट एक महीने में मिल सकती है पुलिस को

नई दिल्ली,  पुलिस को सुनंदा पुष्कर का विसरा रिपोर्ट अमेरिका स्थित फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन से अगले 15 से 30 दिन में मिलने की उम्मीद है, जिससे पता चलेगा कि उनकी मौत किस तरह के जहर से हुई.

गौरतलब है कि एम्स के चिकित्सकों ने कहा था कि सुनंदा की मौत जहर से हुई थी. पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने कहा कि मामले में तीन अहम गवाहों का पॉलीग्राफ टेस्ट अगले सात से 10 दिनों में किया जाएगा. जांच अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि विसरा रिपोर्ट और पॉलीग्राफ टेस्ट इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच को एक दिशा देगी.

सुनंदा के विसरा का नमूना फरवरी में वाशिंगटन स्थित एफबीआई प्रयोगशाला को भेजा गया था. उसे इस बात का निर्धारण करना था कि किस तरह के जहर से सुनंदा की मौत हुई. एम्स के चिकित्सकों के एक मेडिकल बोर्ड ने मौत के कारण के तौर पर जहर की पहचान की थी, लेकिन उन्होंने इस बात का उल्लेख नहीं किया था कि किस तरह के जहर का इस्तेमाल किया गया था.

उन्होंने कुछ जहर की किस्मों को सूचीबद्ध किया था. उनमें से ज्यादातर रेडियोसक्रिय आइसोटोप थे जिसकी भारत स्थित लैबों में पहचान नहीं की जा सकती है. उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि अंतिम विसरा रिपोर्ट अगले 15 से 30 दिनों में मिलने की उम्मीद है. बस्सी ने उन खबरों को खारिज कर दिया कि विसरा रिपोर्ट मिल गई है.

बस्सी ने कहा, ‘कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि हमें एफबीआई से सुनंदा के विसरा का नमूना मिल गया है, जो निराधार है. एफबीआई हमारी आवश्यकता से वाकिफ है. इस तरह के मामलों में एक निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देश हैं, उससे पहले निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता. हम अब भी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.’ यह पूछे जाने पर कि पुलिस तीन गवाहों का पॉलीग्राफ टेस्ट कब करेगी तो बस्सी ने कहा कि उन्होंने विशेषज्ञों से उन्हें तारीख देने को कहा है और उम्मीद है कि यह एक सप्ताह या 10 दिन में हो जाएगा.

यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस शशि थरूर समेत अन्य गवाहों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी तो बस्सी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अटकल नहीं लगाना चाहेंगे. थरूर से इस मामले में अब तक तीन बार पूछताछ हो चुकी है.