ad

Showing posts with label # june. Show all posts
Showing posts with label # june. Show all posts

Friday, May 29, 2015

दिल्ली-आगरा 'गतिमान एक्सप्रेस' के अगले माह चलने की उम्मीद

नई दिल्ली । गतिमान एक्सप्रेस के चलने की जून महीने से  उम्मीद है, जिसकी तैयारी में रेल में प्रशासन जुट गया है।दिल्ली से ताज नगरी आगरा के बीच का सफर मात्र 90 मिनट में पूरा हो सकेगा। गतिमान एक्सप्रेस की रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। देश में यह सबसे तेज
गति से चलने वाली ट्रेन होगी। इसका ट्रायल रन सफल रहा है और पिछले कई महीने से इसके नियमित परिचालन का इंतजार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में तेज गति ट्रेन चलाना चाहते हैं। उनके इस सपने को साकार करने के लिए रेल बजट में नौ रूटों पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की घोषणा की गई थी। इसकी शुरुआत दिल्ली-आगरा रूट पर होगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से आगरा के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन का कुल सात बार ट्रायल रन हुआ है, जोकि सफल रहा है। इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन का नाम गतिमान एक्सप्रेस रखा गया है। इस ट्रेन के लिए नया रैक भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई माह पहले पहुंच गया है। 

उसके बाद से ही इसका नियमित परिचालन शुरू होने का इंतजार हो रहा है, लेकिन तकनीकी कारणों से इसका नियमित परिचालन नहीं हो सका है। अधिकारियों का कहना है कि जून के दूसरे पखवाड़े में देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन का उद्घाटन हो सकता है। इसके लिए दिल्ली मंडल के अधिकारियों को तैयार रहने को कहा गया है। हालांकि, अभी उद्घाटन की तिथि तय नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि गतिमान एक्सप्रेस में 14 कोच होंगे। दिल्ली से आगरा के बीच इसका कोई व्यावसायिक ठहराव नहीं होगा। रेल बजट में घोषित विभिन्न नौ रूटों पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन की रफ्तार 160 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे रखने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल दिल्ली-आगरा के बीच 160 किलोमीटर की रफ्तार रहेगी।

दिल्ली से चंडीगढ़ तथा दिल्ली से कानपुर के बीच भी सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना है। दिल्ली से मुंबई के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने के लिए सर्वे शुरू हो गया है। इसके लिए कुछ दिनों पहले दक्षिण कोरिया की टीम भी यहां आई थी।