ad

Showing posts with label आशीष नेहरा. Show all posts
Showing posts with label आशीष नेहरा. Show all posts

Tuesday, May 5, 2015

आरसीबी पर रणनीतिक जीत से फिर शीर्ष पर पहुंचा चेन्नई

बेहतरीन फार्म में चल रहे आशीष नेहरा के कातिलाना स्पैल और क्षेत्ररक्षकों के कमाल के प्रदर्शन से चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने अपेक्षाकृत कम स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया और रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को 24 रन से हराकर आईपीएल आठ की अंकतालिका में फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया।

चेन्नई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 148 रन ही बना पाई। सुरेश रैना ने 46 गेंदों पर सर्वाधिक 52 रन बनाए जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 29 रन की पारी खेली। उसके बाकी बल्लेबाज मिशेल स्टार्क एंड कंपनी के सामने नहीं चल पाये। स्टार्क ने 24 रन देकर तीन विकेट लिए। हर्षल पटेल (19 रन देकर दो विकेट) और डेविड वीज (29 रन देकर दो विकेट) ने उनका अच्छा साथ दिया।

आरसीबी जब बल्लेबाजी के लिए उतरा तो फिर से गेंदबाजों की तूती बोली। बीच में जब विराट कोहली (48) ने एक छोर संभाल रखा था तब लग रहा था कि चेन्नई संकट में है लेकिन इसके बाद आरसीबी ने बाकी बचे सात विकेट 27 रन के अंदर गंवा दिए और उसकी टीम 19.4 ओवर में 124 रन पर ढेर हो गई। आशीष नेहरा ने फिर से अपना कमाल दिखाया और 19 रन देकर तीन विकेट लिए। ड्वेन ब्रावो (17 रन देकर दो) और ईश्वर पांडे (28 रन देकर दो विकेट) ने भी शानदार गेंदबाजी की।

इस जीत से चेन्नई के दस मैच में 14 अंक हो गए हैं और वह शीर्ष पर काबिज राजस्थान रायल्स को बेहतर रन गति के आधार पर दूसरे स्थान पर खिसकाने में सफल रहा। आरसीबी की यह नौवें मैच में चौथी हार है और उसके अब भी नौ अंक हैं।

चेन्नई और बेंगलूर दोनों की पारियां कमोबेश एक जैसी स्थिति में आगे बढ़ी। सीएसके ने जहां पावरप्ले में दो विकेट पर 37 रन बनाये वहीं आरसीबी ने तीन विकेट गंवाये और इस बीच 42 रन जोड़े। क्रिस गेल को विश्राम दिया गया। ईश्वर पांडे ने उनकी जगह टीम में लिये गये निक मैडिनसन (चार)  का आफ स्टंप उखाड़कर चेन्नई को अपेक्षित शुरुआत दिलाई।

पांडे ने इसके बाद एबी डिविलियर्स (21) के खतरनाक तेवरों को दक्षिण अफ्रीका के उनके साथी फाफ डु प्लेसिस की मदद से ठंडा किया जबकि आरसीबी की पिछले मैच में केकेआर पर जीत के नायक रहे मनदीप सिंह एक भी गेंद खेले बिना रन आउट हो गए।
लक्ष्य बड़ा नहीं था और इसलिए कोहली और कार्तिक ने सतर्कता से पारी आगे बढ़ायी। कोहली जब 25 रन पर थे तब रविंद्र जडेजा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच छोड़ा। इसका जश्न उन्होंने पवन नेगी पर छक्का जड़कर मनाया। कोहली अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये और ड्वेन ब्रावो के चपल क्षेत्ररक्षण से रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 44 गेंदें खेली तथा दो चौके और एक छक्का लगाया।

इससे कोहली और दिनेश कार्तिक (23) के बीच चौथे विकेट के लिए 52 गेंदों पर बनी 63 रन की साझेदारी का अंत हुआ। नेहरा ने अगले ओवर की पहली गेंद पर कार्तिक को डीप मिडविकेट पर कैच कराकर चेन्नई को मैच में वापसी दिला दी। नेहरा ने अगले ओवर में युवा बल्लेबाज सरफराज खान (8) को भी कैच कराया। विकेट गिरने का क्रम इसके बाद भी नहीं थमा और चेन्नई ने आसान जीत दर्ज की।

मैच शुरू होने के समय तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास था और ऐसे में धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना उचित समक्षा। स्टार्क ने पहला ओवर मेडन किया और आखिरी गेंद पर डवेन स्मिथ का आफ स्टंप हवा में लहरा दिया।

दूसरे सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम (20) भी नहीं चल पाए। वीज की शार्ट पिच पर वह सही टाइमिंग से शाट नहीं लगा पाए और डीप मिडविकेट पर आसान कैच दे बैठे। आरसीबी के गेंदबाजों ने दो महत्वपूर्ण विकेट निकालने के बाद चेन्नई के बल्लेबाजों को दबाव में रखा। पावरप्ले समाप्त होने के बाद 15वें ओवर तक यदि इकबाल अब्दुल्ला के एक ओवर को छोड़ दिया जाए तो बाकी में बल्लेबाज बमुश्किल बड़े शाट खेल पाये। पारी के नौवें ओवर में 15 रन बने जिसमें डुप्लेसिस का छक्का और रैना के दो चौके शामिल हैं।


सौजन्य: Live हिंदुस्तान